भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11 विद्यार्थियों को मंच से स्कूटी की चाबी सौंपी। वहीं, प्रदेशभर में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,400 से अधिक विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से वन-टू-वन संवाद करते हुए उनके भविष्य के सपनों के बारे में जाना। छात्रों ने सीए, इंजीनियर, न्यूरोसर्जन और वकील बनने के साथ एग्रीकल्चर स्टार्टअप शुरू करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक छात्रा की ई-स्कूटी पर बैठकर राइड का आनंद भी लिया।
डॉ. यादव ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए करीब एक लाख रुपये तक कीमत वाली स्कूटी दी जा रही है। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को किताबें, ड्रेस और साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को यह सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि ई-स्कूटी विद्यार्थियों के सपनों को नई गति देगी।


