राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप 2026 (CTTC 2026) के आयोजन की आधिकारिक घोषणा की है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होगी।
दिल्ली सरकार और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस टूर्नामेंट में 35 से अधिक कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया और सिंगापुर जैसे देश शामिल हैं। सात दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका समापन 2 अगस्त को फाइनल के साथ होगा।
इस अवसर पर खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें विवेक कोहली और राजीव दुग्गल शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली की वैश्विक खेल पहचान को और मजबूत करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने इसे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। यह चैम्पियनशिप न केवल भारत के उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच देगी, बल्कि देश की मेजबानी क्षमता और खेल अवसंरचना को भी वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करेगी।









