रिलायंस इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर ईशा अंबानी और कतर म्यूजियम की चेयरपर्सन शेखा अल मयस्सा बिंत हमद बिन खलीफा अल थानी ने हाल ही में पांच साल के रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जो भारत में बच्चों की शिक्षा और सीखने के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है। इस साझेदारी के तहत “म्यूजियम-इन-रेजीडेंस” प्रोग्राम भारत के स्कूलों और आंगनवाड़ियों में शुरू किए जाएंगे।
इस पहल का मकसद बच्चों को सिर्फ किताबों और रटने तक सीमित न रखना, बल्कि उन्हें खेल-खेल में सीखने का अवसर देना है। कतर के प्रसिद्ध चिल्ड्रन्स म्यूजियम के विशेषज्ञ भारत आएंगे और छोटे बच्चों के लिए “लाइट अटेलियर” जैसे प्रोग्राम पेश करेंगे। 3 से 7 साल के बच्चों को कला, विज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अनुभव मिलेगा।
विशेष बात यह है कि यह पहल केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहेगी। रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से इसे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाएगा। आंगनवाड़ियों और सामुदायिक केंद्रों में भी यह कार्यक्रम लागू होगा, जिससे शिक्षा के समान अवसर सुनिश्चित होंगे। इसके साथ ही शिक्षक और वॉलिंटियर्स भी कतर म्यूजियम के विशेषज्ञों से आधुनिक शिक्षण तकनीक सीखेंगे, जिससे क्लासरूम में बच्चों का मार्गदर्शन और प्रभावी होगा।
ईशा अंबानी ने इस अवसर पर कहा कि संस्कृति और रचनात्मकता बच्चों की कल्पना को पंख देती है और यह पहल भारत की शिक्षा को सपनों को सच करने वाला मंच बनाएगी। शेखा अल मयस्सा ने इसे “इयर ऑफ कल्चर” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह बच्चों को आत्मविश्वासी और संवेदनशील बनाने में मदद करेगा। यह साझेदारी आने वाले वर्षों में भारत में प्रारंभिक शिक्षा में एक नई दिशा और मानक स्थापित कर सकती है। इस समझौते से बच्चों के सीखने के अनुभव में न केवल विविधता आएगी, बल्कि शिक्षा का स्वरूप भी अधिक रचनात्मक और प्रेरणादायक बनेगा।









