National

E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस को सौंपा E20 पेट्रोल के खिलाफ पेटिशन

E-20 पेट्रोल नीति को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने निकले, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद पार्टी नेताओं ने अपनी मांगों से जुड़ी एक याचिका दिल्ली पुलिस को सौंप दी।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि या तो E-20 पेट्रोल की व्यवस्था को वापस लिया जाए या फिर इसकी कीमत घटाकर 85 रुपये प्रति लीटर की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन चालकों को अपनी सुविधा के अनुसार शुद्ध पेट्रोल या इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल चुनने का विकल्प मिलना चाहिए।

इस बीच, प्रधानमंत्री आवास की ओर प्रस्तावित मार्च को लेकर सैकड़ों वकीलों ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक प्रतिनिधित्व सौंपकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताईं। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास देश के सबसे संवेदनशील और उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों में शामिल है, इसलिए वहां किसी भी प्रकार की सार्वजनिक रैली या प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

उधर, भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी के इस विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को उछाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च की घोषणा करना केवल विवाद पैदा करने की कोशिश है और बाद में इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर सरकार पर आरोप लगाने की रणनीति का हिस्सा है।