थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। हवा के अचानक झटकों के कारण विमान की ऊंचाई में कुछ समय के लिए बदलाव आया, जिससे विमान में सवार कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं।
एयर इंडिया के अनुसार, विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री व चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए। चोटिल यात्रियों और क्रू को एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें जरूरी जांच और इलाज उपलब्ध कराया गया।
एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है।
एक यात्री ने बताया कि टर्बुलेंस करीब 2-3 मिनट तक रहा और इस दौरान विमान में काफी झटके महसूस हुए। यात्री ने एयरलाइन के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब विमानन सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी थी कि जनवरी से जून के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 352 बड़ी तकनीकी खामियां दर्ज की गईं। इनमें सबसे अधिक मामले आकासा एयर के थे, जबकि एयर इंडिया में भी 46 तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं।


