National

भारत की वैश्विक रणनीति को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी का 6 दिवसीय विदेश दौरा आज से शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जुलाई से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के छह दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस महत्वपूर्ण विदेश यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को नई मजबूती देना है। साथ ही, हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र में भारत की सक्रिय भूमिका को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

दौरे की शुरुआत इंडोनेशिया से होगी, जहां प्रधानमंत्री राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। दोनों नेता योग्याकार्ता स्थित ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर का भी दौरा करेंगे, जो भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से होगी। वार्ता में रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग, व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास, उभरती प्रौद्योगिकियों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने पर फोकस रहेगा। मेलबर्न में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ भी प्रधानमंत्री का विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित है।

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के ऑकलैंड जाएंगे। यहां प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार, निवेश, आर्थिक सहयोग और हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारतीय समुदाय के साथ संवाद भी यात्रा का अहम हिस्सा रहेगा।

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति, ‘महासागर’ (MAHASAGAR) विजन और मुक्त, समावेशी एवं नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। कूटनीतिक जानकारों के अनुसार, यह दौरा क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी में भारत की बढ़ती भूमिका का महत्वपूर्ण संदेश देगा।