पंजाब की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों दलों के साथ आने को लेकर आज औपचारिक ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को दोपहर 1 बजे नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों दलों के गठबंधन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा हो सकती है।
गौरतलब है कि बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक एक-दूसरे के सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों का गठबंधन सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए विवाद के बाद टूट गया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। अब करीब छह साल बाद फिर से साथ आने की संभावना ने पंजाब की सियासत में हलचल बढ़ा दी है।
संभावित गठबंधन के बीच सबसे ज्यादा नजरें सीटों के बंटवारे पर टिकी हैं। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत की खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है। अगर गठबंधन की औपचारिक घोषणा होती है, तो आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के सामने नया सियासी समीकरण खड़ा हो सकता है।


