अगर आप कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। केंद्र सरकार ने WhatsApp Web यूजर्स को लेकर साइबर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने आगाह किया है कि हैकर्स WhatsApp Web के एक्टिव सेशन का फायदा उठाकर किसी का भी अकाउंट अपने कब्जे में ले सकते हैं। इससे निजी बातचीत, कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट तक उनकी पहुंच हो सकती है।
साइबर अपराधी अकाउंट का अनधिकृत एक्सेस मिलने के बाद यूजर की पहचान का इस्तेमाल कर उसके संपर्कों को फर्जी मैसेज भेज सकते हैं। इसके जरिए फिशिंग, ऑनलाइन ठगी और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों को अंजाम दिया जा सकता है। एडवाइजरी में सबसे अहम बात यह बताई गई है कि WhatsApp Web का टैब या ब्राउजर बंद कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसा करने के बाद भी लॉगिन सेशन सक्रिय रह सकता है। इसलिए इस्तेमाल पूरा होने पर यूजर्स को मैन्युअली लॉग आउट करना चाहिए।
सरकार ने खासतौर पर ऑफिस, साइबर कैफे, होटल और सार्वजनिक कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है। यदि साझा डिवाइस पर लॉगिन करना जरूरी हो, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो मोड का उपयोग करें और काम खत्म होते ही लॉग आउट करें। इसके अलावा यूजर्स को अपने मोबाइल, कंप्यूटर, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखने चाहिए। अनजान फाइलों और संदिग्ध डाउनलोड से भी दूरी बनाए रखें। अकाउंट में कोई असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।


