World

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट ने बदला रास्ता, हाइजैकिंग की आशंका से मचा हड़कंप

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट के अचानक रास्ता बदलने और इमरजेंसी सिग्नल जारी होने से हड़कंप मच गया। फ्लाइट FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के बाद विमान की दिशा में अचानक बदलाव देखा गया। इसके बाद विमान से इमरजेंसी कोड जारी किए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके चलते संभावित हाइजैकिंग की आशंका जताई जाने लगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के पायलट की ओर से पहले सामान्य आपातकालीन सिग्नल 7700 भेजा गया। कुछ समय बाद यह कोड बदलकर 7500 हो गया, जिसे विमान में गैर-कानूनी दखल या संभावित हाइजैकिंग से जुड़ा संकेत माना जाता है। इसके बाद विमान ने दोबारा 7700 कोड प्रसारित किया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में वास्तव में क्या हुआ और पायलट ने इन आपातकालीन संकेतों को क्यों जारी किया।

फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़ी जानकारी के अनुसार, विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट के आसपास देखा गया। ऐसे में विमान के सऊदी अरब में उतरने की संभावना जताई गई। विमान की गतिविधियों के बाद इजरायली सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गईं और संभावित स्थिति से निपटने के लिए इजरायली लड़ाकू विमानों को अलर्ट किए जाने की खबर सामने आई। इजरायली सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, विमान के सुरक्षित रूप से उतरने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इमरजेंसी सिग्नल क्यों भेजे गए और विमान ने अपना निर्धारित मार्ग क्यों बदला। फिलहाल विमान में सवार यात्रियों और क्रू की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।