बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) जारी करने से साफ इनकार कर दिया है। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि उनका देश आतंकवादियों को पासपोर्ट जारी नहीं करता। उन्होंने शेख हसीना को आतंकवादी करार देते हुए भारत से उन्हें वापस सौंपने की मांग भी दोहराई। हुमायूं कबीर का यह बयान उन मीडिया रिपोर्टों के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया था कि शेख हसीना अपना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र दोबारा हासिल करना चाहती हैं। बताया जा रहा है कि ब्रिटेन की कानूनी सलाहकार फर्म मैट्रिक्स चैम्बर्स ने इस संबंध में नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को ईमेल भेजकर उनके लिए नए यात्रा और पहचान दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया था। बाद में उच्चायोग ने यह आवेदन बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय को भेज दिया।
इस आवेदन पर प्रतिक्रिया देते हुए कबीर ने इसे पूरी तरह बेतुका बताया। उन्होंने कानूनी फर्म के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी वकील या कानूनी संस्था को अपने मुवक्किल की पृष्ठभूमि की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने हसीना पर बांग्लादेश में 1,500 से अधिक लोगों की हत्या के बाद देश छोड़ने का आरोप भी लगाया। हालांकि, ये राज्य मंत्री के लगाए गए आरोप हैं। कबीर ने कहा कि बांग्लादेश भारत के साथ हुई प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को वापस लाना चाहता है। उनके मुताबिक, संधि में भगोड़ों और अपराध के आरोपियों को सौंपने के प्रावधान मौजूद हैं।उन्होंने कहा कि हसीना बांग्लादेश लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण कर सकती हैं और कानूनी प्रक्रिया का सामना कर सकती हैं। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि भगोड़े अपराधियों के लिए सामान्य पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया लागू नहीं होती।


