World

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सैन्य कैंप पर आत्मघाती हमला, 18 जवानों की मौत का दावा

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। मस्तुंग जिले के कंदवा इलाके में गुरुवार को एक सैन्य कैंप को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया। इस हमले में 18 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि कई अन्य जवानों के घायल होने की खबर है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

BLA ने जारी वीडियो संदेश में दावा किया कि उसके मजीद ब्रिगेड ने सैन्य कैंप को निशाना बनाया। संगठन के मुताबिक, हमले के बाद उसके फतेह स्क्वॉड के सदस्य कैंप में दाखिल हुए और वहां मौजूद सुरक्षा बलों पर हमला किया। इसके अलावा, संगठन ने आसपास की एक सुरक्षा चौकी को भी निशाना बनाने का दावा किया है।

BLA ने हमलावर की पहचान मस्तुंग के खड़कोचा निवासी उसामा शाहवानी उर्फ वदूद के रूप में बताई है। संगठन के अनुसार, वह 2022 में इसमें शामिल हुआ था और 2024 में मजीद ब्रिगेड का सदस्य बना। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

हमले के बाद BLA ने पाकिस्तान में खनिज परियोजनाओं और विदेशी निवेश का विरोध दोहराया है। संगठन ने पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में शामिल कंपनियों और निवेशकों को भी धमकी दी है। BLA का कहना है कि बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की मौजूदगी खत्म होने तक उसका सशस्त्र अभियान जारी रहेगा। वहीं, इस हमले को लेकर पाकिस्तान सरकार की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।