Entertainment

धनश्री वर्मा: डांस के बाद अब एक्टिंग में दिखाएंगी जलवा, तेलुगु फिल्म ‘हे कन्नम्मा’ से करेंगी डेब्यू

डांसर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा अब मनोरंजन की दुनिया में एक नई पारी शुरू करने जा रही हैं। क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से अलग होने के बाद अब धनश्री अपने करियर पर फोकस कर रही हैं। वह जल्द ही तेलुगु फिल्म ‘हे कन्नम्मा’ में बतौर लीड एक्ट्रेस नजर आएंगी। फिल्म का आधिकारिक टीजर और पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसके बाद उनके फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस फिल्म का निर्माण दिल राजू प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। धनश्री के अलावा यशवंत मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। धनश्री ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर और टीजर साझा करते हुए इस नए सफर की जानकारी दी। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए बेहद खास बताते हुए पूरी टीम का आभार जताया। साथ ही फैंस से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने और अपना प्यार देने की अपील की।

‘हे कन्नम्मा’ एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जो 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। डांस और सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने के बाद धनश्री के लिए यह फिल्म अभिनय की दुनिया में कदम रखने का बड़ा मौका है। गौरतलब है कि धनश्री ने 2020 में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से शादी की थी। हालांकि, 2025 में दोनों का तलाक हो गया। निजी जिंदगी को लेकर लगातार चर्चा में रहीं धनश्री अब अपने नए प्रोजेक्ट के जरिए करियर की नई शुरुआत करने जा रही हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक उन्हें अभिनेत्री के रूप में कितना पसंद करते हैं।