Delhi National

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक अलर्ट, 11 से ज्यादा सड़कों पर रहेगा डायवर्जन

दिल्ली में पंजाबी पॉप स्टार दिलजीत दोसांझ के म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक आसपास की 11 से अधिक प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स तथा बारापुला फ्लाईओवर सहित कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों पर भी बदलाव किए गए हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों को स्टेडियम के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों को लोधी फ्लाईओवर, चौथी एवेन्यू रोड, जोर बाग रोड और अरबिंदो मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कोटला मुबारकपुर और भीष्म पितामह-लोधी रोड टी-पॉइंट पर भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू होंगे।

मेट्रो से पहुंचने की अपील

कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वायलेट लाइन से JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पहुंचकर गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल जाया जा सकता है। वहीं, येलो लाइन से INA मेट्रो स्टेशन पहुंचने का विकल्प भी मौजूद है। स्टेडियम के आसपास पार्किंग सीमित रहेगी और तीन निर्धारित स्थानों पर पिकअप-ड्रॉप की सुविधा मिलेगी। इनमें आर्च बिशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट शामिल हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों के लिए विशेष रास्ता खुला रहेगा। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना 112 या ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095 पर देने की अपील की गई है।