चंडीगढ़ में अब तेज आवाज में DJ बजाना, देर रात तक जनरेटर चलाना और तय मानकों से अधिक शोर करने वाले पटाखे फोड़ना महंगा पड़ सकता है। ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) ने पर्यावरणीय मुआवजा लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 1 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
प्रस्ताव पर आज 17 नवंबर को होने वाली गवर्निंग बॉडी की बैठक में चर्चा की जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद इसे शहर में लागू किया जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के दिशा-निर्देशों के आधार पर आवासीय, व्यावसायिक, मिश्रित और साइलेंस जोन के लिए अलग-अलग जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
प्रस्ताव के मुताबिक, बिना अनुमति लाउडस्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम चलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लग सकता है। वहीं, 1000 KVA से अधिक क्षमता वाले डीजल जनरेटर चलाने पर 1 लाख रुपये, 625 से 1000 KVA तक के जनरेटर पर 25 हजार और 625 KVA तक के जनरेटर पर 10 हजार रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा प्रस्तावित है। निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले निर्माण उपकरणों पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लग सकती है।
इसके अलावा बारात, रैली, जुलूस और धार्मिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर 10 हजार रुपये, जबकि साइलेंस जोन में ऐसा करने पर 20 हजार रुपये जुर्माना प्रस्तावित है। निर्धारित सीमा से अधिक शोर वाले पटाखे जलाने पर आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में 1 हजार तथा साइलेंस जोन में 3 हजार रुपये तक जुर्माना देना पड़ सकता है। प्रस्ताव का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और लोगों को राहत पहुंचाना है।


