Delhi

दिवाली शॉपिंग का शानदार मौका! दिल्ली में लगा ‘द ग्रैंड एक्सपो 2026’, फ्री एंट्री के साथ खरीदें खास सामान

दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। अगर आप इस बार त्योहार के लिए कुछ खास और पारंपरिक खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो दिल्ली में आयोजित ‘द ग्रैंड एक्सपो 2026’ आपके लिए शानदार विकल्प हो सकता है। यहां एक ही छत के नीचे देश के अलग-अलग राज्यों के हस्तशिल्प, हथकरघा और स्वदेशी उत्पादों की आकर्षक रेंज देखने और खरीदने को मिल रही है।

कनॉट प्लेस के बाबा खड़ग सिंह मार्ग स्थित स्टेट एम्पोरिया कॉम्प्लेक्स के खुले परिसर में 22 अक्टूबर से शुरू हुआ यह एक्सपो 5 नवंबर 2026 तक चलेगा। यहां घर की सजावट के सामान, पारंपरिक कलाकृतियां, आकर्षक ज्वेलरी, कपड़े, पॉटरी और टेराकोटा से बने उत्पादों की कई वैरायटी मौजूद हैं। इसके अलावा पारंपरिक और आधुनिक फैशन से जुड़े सामान के साथ विभिन्न राज्यों के क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकता है।

आर्ट एंड क्राफ्ट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है। इसका उद्देश्य देशभर के कारीगरों, बुनकरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि एक्सपो में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। यहां रोजाना सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खरीदारी की जा सकती है। ऐसे में दिवाली की तैयारियों के बीच यह आयोजन स्वदेशी कला और कारीगरों के हुनर को करीब से जानने का अच्छा मौका है।