नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 1 नवंबर 2026 की रात 11:50 बजे तक अपनी परीक्षा फीस जमा कर सकते हैं। यह फैसला उन अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आया है, जिन्होंने निर्धारित समय में आवेदन फॉर्म भर दिया था, लेकिन किसी तकनीकी समस्या या ट्रांजैक्शन फेल होने के कारण शुल्क का भुगतान नहीं कर पाए थे।
एनटीए के नए निर्देशों के अनुसार, फीस जमा करने की अतिरिक्त सुविधा केवल उन्हीं उम्मीदवारों को मिलेगी, जिन्होंने 31 अक्टूबर 2026 तक अपना आवेदन फॉर्म सबमिट कर दिया था। नए रजिस्ट्रेशन और आवेदन में फोटो, हस्ताक्षर या अन्य दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा अब उपलब्ध नहीं है। एजेंसी ने केवल पेमेंट विंडो को एक दिन के लिए बढ़ाया है।
जिन उम्मीदवारों की फीस अभी तक जमा नहीं हुई है, वे आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय में सर्वर या बैंकिंग संबंधी परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द फीस जमा कर दें। भुगतान सफल होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड करना न भूलें। भविष्य में आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या के दौरान यह दस्तावेज महत्वपूर्ण होगा। तकनीकी सहायता के लिए उम्मीदवार 011-40759000 या टोल-फ्री नंबर 1800 180 4747 पर संपर्क कर सकते हैं।


