National

6 साल बाद श्रद्धालुओं के लिए खुला गुंडिचा मंदिर, 10 रुपये में होंगे दर्शन

ओडिशा के पुरी स्थित ऐतिहासिक गुंडिचा मंदिर छह साल के लंबे अंतराल के बाद मंगलवार को एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। मंदिर के कपाट खुलते ही बड़ी संख्या में भक्त और तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की जन्मवेदी यानी आडप मंडप के दर्शन का अवसर मिला।

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन की प्रबंध समिति के निर्णय के अनुसार मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को 10 रुपये शुल्क देना होगा। भक्तों की सुविधा के लिए जूते-चप्पल और मोबाइल फोन रखने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। वहीं, दिव्यांगजन, बच्चों और 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त दर्शन की अनुमति दी जाएगी।

मंदिर के दोबारा खुलने के पहले दिन प्रवेश और निकासी के लिए सिंहद्वार का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से भी जरूरी इंतजाम किए गए। इस दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, प्रबंध समिति के सदस्य और सेवायत मौजूद रहे।

गुंडिचा मंदिर का भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से विशेष धार्मिक संबंध है। यह मुख्य जगन्नाथ मंदिर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। धार्मिक परंपरा के अनुसार रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा यहां कुछ दिनों के लिए विराजमान होते हैं। स्थानीय स्तर पर मंदिर से जुड़ी ‘बाबेना भूत’ की लोकमान्यता भी प्रचलित है, हालांकि इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। छह साल बाद मंदिर खुलने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।