फिल्म ‘हनुमान अंश’ का भक्ति गीत ‘पार्वती’ इन दिनों देश ही नहीं, दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहा है। बुंदेली लोकधुन से प्रेरित इस गीत ने यूट्यूब म्यूजिक के वीकली सॉन्ग्स चार्ट में भारत में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, ग्लोबल चार्ट में यह दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। यूट्यूब पर गाने के व्यूज 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुके हैं।
यूट्यूब चार्ट्स के आंकड़ों के अनुसार, संबंधित चार्टिंग अवधि में ‘पार्वती’ को भारत में 4.72 करोड़ से अधिक व्यूज मिले। गाने को साधु तिवारी ने लिखा, कंपोज किया और अपनी आवाज दी है। लोक संगीत और भक्ति भाव के मेल ने इसे फिल्म के दर्शकों के अलावा अन्य श्रोताओं के बीच भी लोकप्रिय बनाया है। गाने की लोकप्रियता यूट्यूब तक सीमित नहीं है। इंस्टाग्राम रील्स समेत सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। भारत के वीकली चार्ट में ‘पार्वती’ के बाद श्रेया घोषाल का ‘कल्याणी’ दूसरे स्थान पर है।
हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में भी साधु तिवारी ने ‘पार्वती’ पेश किया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे और उन्होंने प्रस्तुति के दौरान तालियां बजाईं तथा खंजरी बजाते नजर आए। ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म की सफलता के बाद इसके संगीत की लोकप्रियता ने भी नई चर्चा छेड़ दी है।


