Chandigarh

चंडीगढ़ में आतंकी साजिश नाकाम, BKI के कथित मॉड्यूल से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने केंद्रीय एजेंसी के साथ समन्वय में कार्रवाई करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े कथित मॉड्यूल का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन कथित जमीनी संचालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब छह किलो जिलेटिन छड़ें, डेटोनेटर, ऊर्जा स्रोत, रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम के अलावा एक पिस्तौल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर चंडीगढ़ में भीड़भाड़ वाले इलाके को निशाना बनाकर कथित तौर पर IED हमला करने की तैयारी की जा रही थी। समय रहते कार्रवाई कर इस साजिश को विफल कर दिया गया।

पुलिस को 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि तरनतारन के रहने वाले लवप्रीत सिंह और जसनप्रीत सिंह कथित तौर पर विदेश में बैठे आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में हैं। दोनों सेक्टर-42/43 के आसपास मौजूद थे और उनके पास विस्फोटक सामग्री होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सेक्टर-36 थाने में मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान 23 अगस्त को लवप्रीत सिंह, जसनप्रीत सिंह उर्फ जसनदीप और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि तीनों अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे थे। लवप्रीत कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों और अन्य आरोपियों के बीच संपर्क का काम करता था। जसनप्रीत के पास से डेटोनेटर और रिमोट ऑपरेटेड सिस्टम बरामद होने की बात कही गई है, जबकि प्रभप्रीत के कब्जे से पिस्तौल और कारतूस मिले। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित हमले के लिए कौन सा लक्ष्य चुना गया था, विस्फोटक कहां से आए और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। ऑपरेशन सेल केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर मामले की आगे जांच कर रही है।