Maharashtra

पेपर लीक माफियाओं पर कसेगा शिकंजा! महाराष्ट्र सरकार लाएगी सख्त कानून, 10 साल तक होगी जेल

महाराष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है। राज्य की उच्चस्तरीय प्रतियोगी परीक्षा सुधार समिति ने दोषियों की संपत्ति जब्त करने, 7 से 10 साल तक की जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माना लगाने की सिफारिश की है। इस संबंध में मौजूदा कानून में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे आगामी शीतकालीन अधिवेशन में विधेयक के रूप में पेश किए जाने की तैयारी है।

समिति ने महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों पर रोक) अधिनियम, 2024 को और सख्त बनाने के साथ परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने पर भी जोर दिया है। इसके तहत परीक्षा में गड़बड़ी के कारण प्रभावित होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क वापस करने की सिफारिश की गई है। वहीं, आंसर की पर उम्मीदवार की आपत्ति सही पाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए लिया गया शुल्क भी लौटाया जाएगा।

परीक्षा संचालन और निगरानी बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक जिलाधिकारी कार्यालय में स्थायी परीक्षा शाखा गठित करने का सुझाव दिया गया है। इसके अलावा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति बनाई जाएगी, जो परीक्षा से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की निगरानी करेगी। परीक्षा केंद्रों के चयन के लिए स्कूलों और कॉलेजों की सूची भी तैयार की जाएगी। गौरतलब है कि 22 मार्च 2026 को हुई एमपीएससी की औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। इसके बाद सरकार ने परीक्षा सुधार समिति गठित की थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार, सरकार शीतकालीन अधिवेशन में कानून संशोधन लाने की तैयारी कर रही है।