हरियाणा के शाहाबाद अनाज मंडी में सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू न होने को लेकर विवाद अब उग्र हो गया है। खरीद प्रक्रिया में देरी से नाराज किसानों ने लाडवा रोड पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास करती रही, लेकिन किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। जानकारी के अनुसार सरकार ने 25 मई से सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन मंडी में अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इसका मुख्य कारण आढ़तियों (कमीशन एजेंटों) और सरकार के बीच कमीशन दर को लेकर विवाद बताया जा रहा है।
सरकार ने 1 प्रतिशत आढ़त तय की है, जिसका आढ़ती विरोध कर रहे हैं और उन्होंने खरीद शुरू करने से इनकार कर दिया है। इसी गतिरोध को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर पंचायत भी बुलाई थी, लेकिन समाधान न निकलने पर किसान सड़क पर उतर आए। किसानों की मांग है कि सरकार और आढ़तियों के बीच विवाद का असर उनकी फसल खरीद पर नहीं पड़ना चाहिए और तुरंत खरीद प्रक्रिया शुरू की जाए। यूनियन के प्रवक्ता राकेश बैंस ने चेतावनी दी है कि जैसे ही खरीद शुरू होगी, किसान अपना धरना समाप्त कर देंगे।









