भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ इलाकों में आज हीटवेव की स्थिति को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके साथ ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में आज गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में रात के समय भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जिसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है।
वहीं दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल, माहे, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, असम, मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।









