डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गया है। रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम को इस बार 30 दिनों की पैरोल दी गई है। सोमवार सुबह करीब 7 बजे उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय के लिए रवाना किया गया।
यह साल 2026 में राम रहीम की दूसरी पैरोल है। इससे पहले जनवरी में उसे 40 दिनों की पैरोल मिली थी। अब तक वह कुल 16 बार पैरोल और फरलो का लाभ ले चुका है। आंकड़ों के मुताबिक, 3,193 दिनों की सजा में से वह 406 दिन जेल से बाहर बिता चुका है।
गौरतलब है कि गुरमीत राम रहीम को 2017 में विशेष CBI अदालत ने दो महिला शिष्यों से रेप के मामले में दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई थी। इसके अलावा उसे दो अलग-अलग हत्या मामलों में भी दोषी पाया गया था। 2019 में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उसे उम्रकैद की सजा मिली थी, जबकि 2021 में डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या की साजिश रचने के मामले में भी सजा सुनाई गई थी। हालांकि, बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने रंजीत सिंह हत्याकांड में 2024 और पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में 2026 में उसे बरी कर दिया।
हरियाणा गुड कंडक्ट प्रिजनर्स (टेम्पररी रिलीज) एक्ट, 2022 के तहत किसी भी कैदी को एक साल में कुल 10 हफ्तों की पैरोल लेने का अधिकार है, जिसे दो हिस्सों में बांटा जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत राम रहीम ने इस साल का पूरा पैरोल कोटा पूरा कर लिया है। इसके अलावा वह अब भी तीन हफ्तों की फरलो लेने का पात्र बना हुआ है।









