फाजिल्का में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पुलिस और Border Security Force (BSF) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और हथियार बरामद किए गए, जबकि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पहली कार्रवाई में जलालाबाद क्षेत्र के गांव प्रभात सिंह वाला हिठाड़ के पास खेतों में संदिग्ध बोरे की सूचना मिलने पर BSF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। बोरे की जांच में सफेद पैकेटों में छिपाकर रखी गई करीब 10 किलो 950 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई में सीआईए स्टाफ फाजिल्का की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी के दौरान तीन आरोपियों—लखवीर सिंह उर्फ मंगा, गुरपिंदर सिंह उर्फ मन्ना और सुखविंदर सिंह उर्फ लब्बी—को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक साथी सलीम का नाम भी बताया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से जुड़ा हो सकता है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मुख्य आरोपी लखवीर सिंह के खिलाफ पहले से ही पोक्सो और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।









