Punjab

पंजाब में AAP सरकार का सेमीफाइनल, नगर निगम चुनाव के लिए कल को होगा मतदान

पंजाब में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव मंगलवार यानी 26 मई को होने जा रहे हैं, जिन्हें राज्य की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम “सेमीफाइनल” माना जा रहा है। इन नतीजों का असर न केवल दलों की साख पर पड़ेगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा भी तय कर सकता है।

इस चुनाव में राज्य की 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों पर मतदान होगा। कुल मिलाकर लगभग 36.7 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 18.9 लाख पुरुष और 17.7 लाख महिला वोटर शामिल हैं। परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे।

सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह उसकी जमीनी पकड़ और जनता के बीच लोकप्रियता की परीक्षा है। पार्टी ने सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं कांग्रेस 1,550 उम्मीदवारों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारतीय जनता पार्टी 1,316 उम्मीदवारों के साथ मैदान में है, जबकि शिरोमणि अकाली दल ने 1,251 प्रत्याशी उतारे हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के 96 और 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों के नतीजे सत्ता और विपक्ष दोनों के लिए महत्वपूर्ण संकेत देंगे। आम आदमी पार्टी जहां इसे अपनी सरकार के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर की परीक्षा मान रही है, वहीं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसे अपनी वापसी का अवसर मानकर चल रहे हैं।

भाजपा के लिए यह चुनाव पंजाब में संगठनात्मक विस्तार का पैमाना होगा, जबकि अकाली दल शहरी और गैर-सिख मतदाताओं के बीच अपनी स्थिति का आकलन करेगा। कुल मिलाकर यह मुकाबला सभी प्रमुख दलों के लिए राजनीतिक भविष्य की दिशा तय करने वाला साबित हो सकता है।