Delhi

दिल्ली में बनेगा हर नागरिक का डिजिटल रिकॉर्ड, अप्रैल 2027 से शुरू होगा D-UDH प्लेटफॉर्म

दिल्ली में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अब बार-बार दस्तावेज जमा करने और अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकती है। दिल्ली सरकार अप्रैल 2027 तक दिल्ली यूनिफाइड डेटा हब (D-UDH) नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके जरिए विभिन्न सरकारी विभागों के डेटाबेस को एक साथ जोड़ा जाएगा, जिससे नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों का सत्यापन और योजनाओं की पात्रता जांचने की प्रक्रिया आसान होगी।

इस परियोजना के तहत प्रत्येक नागरिक का गोल्डन रिकॉर्ड तैयार करने की योजना है। वहीं, परिवारों की पहचान के लिए फैमिली आईडी और प्रत्येक व्यक्ति के लिए यूनिक डिजिटल पहचान संख्या (UHDID) बनाने का प्रस्ताव है। जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे भी पोर्टल के माध्यम से फैमिली आईडी बनवा सकेंगे। इसके लिए परिवार के सदस्यों की सहमति ली जाएगी।

D-UDH के तहत विभागों के डिजिटल सिस्टम को एपीआई कनेक्टर से जोड़ा जाएगा। साथ ही सिंगल साइन-ऑन (SSO) सुविधा भी विकसित की जाएगी, जिससे एक ही लॉगिन के जरिए कई सरकारी सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि इससे फर्जीवाड़े की आशंका कम करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस प्लेटफॉर्म से बुजुर्ग पेंशन के 4.10 लाख, विधवा पेंशन के 3.50 लाख, दिल्ली लाडली योजना के 45 हजार और राशन कार्ड योजना के 15.50 लाख लाभार्थी परिवारों का डेटा जोड़ने की संभावना है।परियोजना के लिए नवंबर 2026 में सलाहकार नियुक्त करने, दिसंबर में डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने तथा मार्च 2027 तक टेस्टिंग का लक्ष्य है। अप्रैल 2027 में इसे आम लोगों के लिए शुरू करने की योजना है।