National

मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत का 3F फॉर्मूला, महंगाई पर लगेगी लगाम: वित्त मंत्री सीतारमण

मध्य पूर्व में जारी तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारत की अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखने के लिए ‘3F’ यानी फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। मुंबई में SIDBI के 37वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील बेहद महत्वपूर्ण हो गई है और देश को नकारात्मक माहौल से बचाकर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि कच्चे तेल और उर्वरकों की बढ़ती कीमतों ने वैश्विक स्तर पर दबाव बढ़ाया है, लेकिन भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था अब भी मजबूत बनी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती से सरकार को करीब एक लाख करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान होगा, लेकिन यह कदम आम जनता को राहत देने के लिए उठाया गया है। सीतारमण ने आगे कहा कि सोने की बढ़ती कीमतें और वैश्विक अस्थिरता बाहरी क्षेत्र के लिए चुनौती पैदा कर रही हैं, लेकिन भारत की नीतियां संतुलित तरीके से विकास को बनाए रखने पर केंद्रित हैं।

उन्होंने कहा कि देश में डर फैलाने की कोई जरूरत नहीं है और सकारात्मक आर्थिक माहौल बनाए रखना जरूरी है। इस दौरान वित्त मंत्री ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के 8.1 लाख करोड़ रुपये के लंबित भुगतान पर भी चिंता जताई और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों से अपील की कि वे 45 दिन की निर्धारित समयसीमा के भीतर ही भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि छोटे उद्योगों की कार्यशील पूंजी और विकास प्रभावित न हो।