मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 15 मई को सिरसा से महाराष्ट्र स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। इस ट्रेन को मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini स्वयं सिरसा रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिरसा के डीसी शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रेलवे स्टेशन और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रूट का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की भी जांच की। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि यह मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क धार्मिक यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिले से लगभग 400 श्रद्धालुओं ने इस यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। प्रशासन और पुलिस विभाग ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तीर्थ यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।









