Maharashtra National

मुंबई में तेज रफ्तार BMW ब्रिज से गिरी, तीन की मौत; एक युवक गंभीर

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार तड़के तेज रफ्तार का दर्दनाक हादसा सामने आया। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही एक BMW कार लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे कोस्टल रोड पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। कार में कुल चार लोग सवार थे। सभी घायलों और यात्रियों को तत्काल नगर निगम द्वारा संचालित नायर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है। वहीं, करीब 20 वर्षीय एक अन्य युवक को अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, BMW कार मरीन ड्राइव की तरफ से हाजी अली की दिशा में जा रही थी। लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने पहुंचने पर कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और ब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय कार की रफ्तार कितनी थी और वाहन चालक से नियंत्रण कैसे छूटा। हादसे के बाद कोस्टल रोड पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।