National

फूड डिलीवरी सेक्टर में तेजी: 2030 तक 27 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान

भारत का ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेक्टर तेजी से विस्तार कर रहा है, जिसमें छोटे शहर अब विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहे हैं। बढ़ती डिजिटल पहुंच और लोगों के बार-बार ऑर्डर करने की आदत इस बाजार की ग्रोथ को नई गति दे रही है। Investec की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का फूड डिलीवरी बाजार 2024 में लगभग 9.1 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक करीब 27 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। यह सेक्टर करीब 19% की सालाना दर से बढ़ने का अनुमान है, जिसमें शहरीकरण और डिजिटल उपयोग अहम भूमिका निभा रहे हैं।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत का कुल फूड सर्विस बाजार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन ऑनलाइन और बाहर खाने की हिस्सेदारी अभी भी अपेक्षाकृत कम है, जो भविष्य में बड़े विस्तार की संभावना दिखाती है। टियर-2 और छोटे शहरों का योगदान अब तेजी से बढ़ रहा है और यह कुल बाजार का 20-25% हिस्सा बन चुका है। वहीं मेट्रो शहर अभी भी प्रमुख हिस्सेदारी रखते हैं, लेकिन अगली ग्रोथ का बड़ा इंजन छोटे शहर ही बनते जा रहे हैं।

बदलती जीवनशैली, लंबे काम के घंटे और स्मार्टफोन की बढ़ती पहुंच ने ऑनलाइन फूड ऑर्डरिंग को आसान बना दिया है। क्लाउड किचन और ऑर्गनाइज्ड रेस्टोरेंट नेटवर्क के विस्तार से भी यह सेक्टर मजबूत हो रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत में अभी लोग औसतन महीने में 3–5 बार ही ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, लेकिन आने वाले वर्षों में यह संख्या और खर्च दोनों बढ़ने की संभावना है, जिससे भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते फूड डिलीवरी बाजारों में शामिल हो सकता है।