दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म सम्मान ऑस्कर अवॉर्ड्स में 2027 से कई अहम बदलाव लागू किए जा रहे हैं। ऑस्कर्स के 99वें संस्करण से पहले घोषित इन नए नियमों का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को अधिक लचीला, आधुनिक और न्यायसंगत बनाना बताया जा रहा है। सबसे बड़ा बदलाव एक्टिंग कैटेगरी में किया गया है, जिसके तहत अब एक ही कलाकार को एक ही श्रेणी में एक से अधिक बार नामांकित किया जा सकता है। पहले यह अनुमति नहीं थी।
दूसरा बड़ा नियम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को लेकर है। अब ऐसी परफॉर्मेंस या रचनाएं जिनमें एआई का प्रभाव होगा, उन्हें ऑस्कर नॉमिनेशन के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। यह बदलाव मानव रचनात्मकता को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से किया गया है। तीसरा महत्वपूर्ण बदलाव बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में किया गया है। अब किसी भी देश की चयन समिति एक से अधिक फिल्मों को ऑस्कर के लिए भेज सकेगी, जबकि पहले केवल एक ही फिल्म भेजने की अनुमति थी।
इन बदलावों का सबसे बड़ा लाभ भारत को मिल सकता है, क्योंकि अब भारतीय फिल्में अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में अधिक अवसर प्राप्त कर सकती हैं। आगामी ऑस्कर 2027 समारोह 14 मार्च 2027 को आयोजित किया जाएगा, जो अकादमी अवॉर्ड्स के 100 साल पूरे होने से पहले का ऐतिहासिक संस्करण होगा। इससे प्रतियोगिता और अवसर दोनों बढ़ेंगे।









