पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में जारी तनाव के बीच सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक ऑपरेशन चलाया है। इस अभियान के तहत उखरुल जिला में 23 अवैध बंकरों को ध्वस्त किया गया, जबकि तेंगनौपाल जिला से 18 आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए। यह कार्रवाई राज्य में शांति बहाली और अवैध हथियारों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई। पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में चलाया गया, जिसमें लिटन थाना क्षेत्र के कई पहाड़ी गांवों में बंकरों को नष्ट किया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने हथियार भी बरामद किए, जिनमें 12 बोर की पंप-एक्शन शॉटगन, कारतूस और बड़ी संख्या में खोखे शामिल हैं।
एक अन्य अभियान में तेंगनौपाल जिले के मोरेह क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा जब्त किया गया। इसमें सिंगल बैरल राइफल, 9 मिमी पिस्तौल और 18 आईईडी शामिल थे, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इससे पहले भी सुरक्षाबलों ने कांगपोकपी जिला और उखरुल में सर्च ऑपरेशन चलाकर कई अवैध बंकरों को ध्वस्त किया था। गौरतलब है कि फरवरी से शुरू हुई हिंसा में कूकी और तांगखुल नागा समुदायों के बीच संघर्ष बढ़ गया है, जिसमें अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है और कई घर जलाए गए हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षाबलों ने निगरानी बढ़ा दी है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।









