नोएडा में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण से परेशान निवासियों को जल्द राहत मिलने वाली है। नोएडा प्राधिकरण ने शहर की प्रमुख एलिवेटेड सड़कों पर साउंड बैरियर लगाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कदम एमपी-2 और डीएससी रोड जैसे व्यस्त एलिवेटेड मार्गों पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक और भारी वाहनों के शोर को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है। इन सड़कों के दोनों ओर घनी रिहायशी कॉलोनियां और सोसायटियां होने के कारण लोगों की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिन-रात चलने वाले वाहनों और हॉर्न के शोर से नींद, पढ़ाई और स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय भारी वाहनों की आवाज से स्थिति और गंभीर हो जाती है। प्राधिकरण के अनुसार, इस परियोजना की तकनीकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए IIT से परीक्षण कराया जाएगा। बैरियर लगाने से पहले और बाद में ध्वनि स्तर की भी जांच की जाएगी ताकि इसके प्रभाव का सही आकलन हो सके। अधिकारियों का मानना है कि साउंड बैरियर लगने के बाद आसपास के क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी और लोगों को काफी राहत मिलेगी। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।









