हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में अवैध खनन पर लगाम कसने के लिए खनन विभाग ने हाईटेक तकनीक अपनाई है। अब नदियों और दुर्गम इलाकों में नाइट विज़न से लैस ड्रोन के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी। जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि ड्रोन ट्रायल सफल रहा है और यह रात में होने वाले अवैध खनन को दूर से ही पहचान सकेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर लाइंग स्क्वाड तुरंत मौके पर कार्रवाई करेगी।
सोलन जिले के दूरदराज और सड़क मार्ग से जुड़े न होने वाले क्षेत्रों में पारंपरिक निगरानी मुश्किल होती थी, लेकिन ड्रोन तकनीक इन इलाकों की भी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करेगी। संबंधित एजेंसियों के साथ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ड्रोन को स्थायी रूप से तैनात किया जाएगा। खनन विभाग का कहना है कि इस पहल से न केवल अवैध खनन पर रोक लगेगी, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।









