National

हिंदी दिवस पर सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पहल, अब अपनी भाषा में पढ़ और सुन सकेंगे अदालत के अहम फैसले

हिंदी दिवस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट ने आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। शीर्ष अदालत अब अपने महत्वपूर्ण फैसलों और आदेशों का सरल हिंदी में सारांश उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही फैसलों की जानकारी देने वाले हिंदी ऑडियो और वीडियो बुलेटिन भी जारी किए जाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, नई जन सूचना सेवा के तहत चयनित महत्वपूर्ण फैसलों और आदेशों को आसान और सहज हिंदी में समझाया जाएगा। इसके अलावा रोजाना करीब 15 से 30 मिनट का हिंदी ऑडियो-वीडियो बुलेटिन उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें दिन के महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी जाएगी और संबंधित आधिकारिक फैसले का लिंक भी दिया जाएगा।

अदालत ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों, मुकदमा लड़ने वाले लोगों और विशेष रूप से दिव्यांगजनों को सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को आसानी से समझने में मदद करना है। इससे लोग फैसलों के प्रभाव और आगे की प्रक्रिया की जानकारी अपनी भाषा में प्राप्त कर सकेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने बताया कि यह सेवा पहले हिंदी में शुरू की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य भारतीय भाषाओं में भी इसे उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। फैसलों के अनुवाद को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई बार गलत या अस्पष्ट अनुवाद के कारण भ्रामक जानकारी सामने आती है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट की यह पहल आधिकारिक और सरल जानकारी उपलब्ध कराने के साथ गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने में भी मददगार साबित हो सकती है।