National

मसूद अजहर पर पाकिस्तान का शिकंजा या दिखावा? रेड बुक में नाम, इनाम 70 लाख

पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) ने वर्ष 2026 के लिए मोस्ट वांटेड आतंकवादियों की नई ‘रेड बुक’ जारी की है। इस सूची में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर का नाम भी शामिल है। खास बात यह है कि अजहर पर घोषित इनाम की राशि 20 लाख पाकिस्तानी रुपये से बढ़ाकर 70 लाख रुपये कर दी गई है। भारत में कई आतंकी हमलों का आरोपी मसूद अजहर लंबे समय से पाकिस्तान की कार्रवाई से बचता रहा है। पाकिस्तान का दावा है कि वह देश छोड़कर अफगानिस्तान चला गया है। हालांकि, हालिया भारतीय खुफिया विश्लेषण के हवाले से कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के नवाबशाह में छिपा हो सकता है। पाकिस्तान की इस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में इसे अक्टूबर में होने वाली फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की बैठक से पहले अंतरराष्ट्रीय दबाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पाकिस्तान को लेकर इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

FIA की नई सूची में 26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़े 19 आरोपियों के नाम भी शामिल हैं। इनमें वे लोग बताए गए हैं, जिन्होंने हमले के साजिशकर्ताओं और हमलावरों को आर्थिक मदद, परिवहन या अन्य संसाधन उपलब्ध कराए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूची में शामिल 17 लोगों की तस्वीरें और उनकी कथित भूमिकाओं का विवरण मौजूद है। वहीं, दो आरोपियों—मुहम्मद खान और अब्दुल रहमान—से जुड़ी कुछ पुरानी जानकारियां नई सूची से हटा दी गई हैं। इनमें तस्वीरें, लश्कर-ए-तैयबा से संबंध और कथित ऑपरेशनल भूमिका जैसी जानकारियां शामिल हैं। इस बदलाव ने पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई और उसकी मंशा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।