शिमला पुलिस ने अनुशासन और सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों में एक सब-इंस्पेक्टर, एक कांस्टेबल और एक हेड हवलदार शामिल हैं। पुलिस प्रशासन ने तीनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के भी आदेश जारी कर दिए हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने की है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, निलंबित सब-इंस्पेक्टर पर सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधि से जुड़ी एक पोस्ट साझा करने का आरोप है। पुलिस सेवा आचरण नियमों के तहत किसी भी सेवारत अधिकारी या कर्मचारी को सार्वजनिक रूप से राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने या किसी राजनीतिक दल के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने की अनुमति नहीं है। प्रारंभिक जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
वहीं, दूसरे मामले में एक कांस्टेबल और एक हेड हवलदार पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने के आरोप लगे थे। विभाग को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन शिमला भेज दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस एक अनुशासित बल है और सेवा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या आचरण नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


