Himachal National

हिमाचल DCA को मिला Pharmexcil का प्रतिष्ठित Appreciation Award, CM सुक्खू ने दी बधाई

हिमाचल प्रदेश के ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (DCA) को फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (Pharmexcil) की ओर से प्रतिष्ठित Appreciation Award से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित IPHEX-2026 कार्यक्रम के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मान प्रदेश में बेहतर औषधि नियमन, उद्योग को सुविधाएं उपलब्ध कराने और फार्मास्यूटिकल निर्यात को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए दिया गया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर DCA के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हिमाचल सरकार की मजबूत नियामक व्यवस्था और कारोबार को आसान बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को गुणवत्तापूर्ण और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दवा उद्योग में गुणवत्ता और नैतिक मानकों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार हिमाचल के लिए नियामक उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी राज्य की विश्वसनीयता मजबूत होगी और हिमाचल को एक भरोसेमंद फार्मास्यूटिकल केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने भी इस सम्मान को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने दवाओं के प्रभावी नियमन और फार्मास्यूटिकल उद्योग को सहयोग देने में DCA की भूमिका की सराहना की। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने पुरस्कार को विभागीय टीम की सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगी।