18 वर्षीय काम्या कार्तिकेयन ने स्कीइंग करते हुए दक्षिणी ध्रुव तक पहुँचकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस उपलब्धि के साथ सबसे कम उम्र की भारतीय और दुनिया की दूसरी सबसे कम उम्र की महिला के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। भारतीय नौसेना ने बताया कि काम्या ने शून्य से -30 डिग्री सेल्सियस तापमान और तूफानी हवाओं का सामना करते हुए 89 डिग्री दक्षिण से लगभग 60 समुद्री मील (करीब 115 किमी) की दूरी तय की। इस दौरान उन्होंने अपने पूरे अभियान के सामान से भरी स्लेज को खुद खींचा। 27 दिसंबर 2025 को उन्होंने दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखा।
नौसेना ने उनके साहस का जश्न मनाते हुए स्लेज खींचते हुए उनका वीडियो और तस्वीरें भी साझा कीं। काम्या का लक्ष्य ‘एक्सप्लोरर्स ग्रैंड स्लैम’ पूरा करने वाली अब तक की सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनना है इसमें सभी सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई और दोनों ध्रुवों तक स्कीइंग शामिल है। इससे पहले काम्या ने माउंट एवरेस्ट सहित सातों शीर्ष पर्वत चोटियों तक पहुंचने की चुनौती को पूरा किया है। नौसेना ने उन्हें उत्तरी ध्रुव तक के अंतिम लक्ष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि उनकी असाधारण उपलब्धि युवा पीढ़ी को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।









