Delhi

दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती, बिना वैध PUC पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा

दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। बुधवार से राजधानी के सभी पेट्रोल पंपों पर वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (PUC) के बिना किसी भी वाहन को ईंधन नहीं दिया जा रहा है। सरकार ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे ईंधन भरने से पहले वाहनों के पीयूसी की जांच अनिवार्य रूप से करें। हालांकि, एंबुलेंस, दमकल, पुलिस और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में लगे वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण का बड़ा कारण है और सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध है। आदेश को सख्ती से लागू करने के लिए पेट्रोल पंपों पर ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम के अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, नंबर प्लेट पहचान प्रणाली और जमीनी निरीक्षण के जरिए प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है।

पूरे शहर में 580 पुलिसकर्मी और 126 निगरानी केंद्रों पर 37 प्रखर वैन तैनात की गई हैं, जो नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों का चालान कर रही हैं। इस फैसले के बाद पीयूसी अपडेट कराने के लिए केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं। वहीं, कई वाहन चालकों ने आदेश की आलोचना करते हुए इसे आम लोगों के लिए परेशानी भरा बताया और इसके प्रभाव पर सवाल उठाए।