National

अप्रैल 2027 से बदल सकती है करेंसी की तस्वीर, बाजार में आएंगे ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोट

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही देश में प्लास्टिक करेंसी की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम उठा सकता है। ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों का फील्ड ट्रायल 1 अप्रैल 2027 से शुरू होने की संभावना है। खास बात यह है कि इन नए नोटों का आकार मौजूदा कागज के नोटों जैसा ही रखने की योजना है। इससे बैंकों को एटीएम मशीनों में बदलाव कराने पर अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा।

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने नोटों की लंबाई और चौड़ाई पहले जैसी रखने का प्रस्ताव तैयार किया है। दरअसल, नोटों का आकार बदलने पर एटीएम के सेंसर, कैश रखने वाले हिस्सों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं में बदलाव करना पड़ता है। इससे बैंकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। इससे पहले ₹100 और ₹200 के नए नोटों के हिसाब से देशभर के करीब 2.4 लाख एटीएम में बदलाव किया गया था। इस प्रक्रिया पर एटीएम इंडस्ट्री को लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े थे।

प्लास्टिक नोटों की छपाई के लिए RBI की सहयोगी कंपनी BRBNMPL ने टेंडर जारी किया है, जिसमें छह कंपनियों ने रुचि दिखाई है। इसके तहत ₹10 और ₹20 के नोटों के लिए 68 हजार रीम विशेष BOPP प्लास्टिक शीट खरीदी जाएंगी। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा के मुताबिक, प्लास्टिक नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में दो से चार गुना अधिक टिकाऊ हो सकते हैं। हालांकि, इन्हें बड़े स्तर पर जारी करने से पहले भारतीय मौसम और उपयोग की परिस्थितियों में इनका परीक्षण किया जाएगा।