Jammu & Kashmir

पुंछ में आठ बकरियों के साथ LoC पार कर PoK पहुंची महिला, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला कथित तौर पर आठ बकरियों को साथ लेकर नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि महिला किन परिस्थितियों में LoC पार कर दूसरी तरफ पहुंची। इसके अलावा महिला के सीमा पार जाने के पीछे की वजह और उसके साथ मौजूद आठ बकरियों को लेकर भी विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि पुंछ और राजौरी के सीमावर्ती इलाकों में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई बार स्थानीय लोग और उनके मवेशी चराई के दौरान अनजाने में नियंत्रण रेखा पार कर दूसरी तरफ पहुंच जाते हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और कुछ स्थानों पर तारबंदी नहीं होने के कारण लोगों और मवेशियों के भटकने की घटनाएं होती हैं। पूर्व में ऐसी घटनाओं में सीमा पार पहुंचे नागरिकों को सुरक्षा बलों द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में फ्लैग मीटिंग के माध्यम से मानवीय आधार पर वापस सौंपा गया। फिलहाल ताजा मामले में महिला के सीमा पार पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।