भारत में कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान को लेकर कानूनों का सख्त प्रावधान है। पेमेंट ऑफ वेजेस एक्ट 1936 और नए कोड ऑन वेजेज के तहत कंपनियों के लिए यह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे कर्मचारियों का मासिक वेतन हर महीने की 7 तारीख तक दे दें।
हालांकि, बड़े प्रतिष्ठानों को अधिकतम 10 तारीख तक वेतन भुगतान करने की छूट मिलती है। यह नियम कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा और उनकी वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया है।
यदि कंपनियां वेतन समय पर नहीं देतीं, तो इसे श्रम कानून का उल्लंघन माना जाएगा और नियोक्ता पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई हो सकती है। कर्मचारी इस स्थिति में लिखित रूप से HR या प्रबंधन को वेतन भुगतान में देरी का कारण पूछ सकते हैं। अगर लिखित जवाब नहीं मिलता या समस्या बनी रहती है, तो कर्मचारी श्रम विभाग या लेबर कमिश्नर के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत में सभी आवश्यक साक्ष्य जैसे जॉइनिंग लेटर, वेतन पर्ची, बैंक स्टेटमेंट, और ईमेल या चैट रिकॉर्ड्स संलग्न करना बेहद जरूरी है, जिससे कि मामले की जांच तेज़ और प्रभावी ढंग से हो सके।









