National

मोदी कैबिनेट बैठक: पहली सेमी हाई-स्पीड रेल, MSP बढ़ोतरी और कोयला गैसीकरण योजना को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में बुनियादी ढांचे, कृषि और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि अहमदाबाद के सरखेज से धोलेरा तक देश की पहली स्वदेशी सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन रेल परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। करीब 20,667 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह 134 किलोमीटर लंबी रेल लाइन गुजरात के 284 गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी देगी और लगभग 5 लाख लोगों को लाभ पहुंचाएगी। यह परियोजना धोलेरा को उभरते सेमीकंडक्टर हब के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह आने वाले धोलेरा एयरपोर्ट और लोथल मैरीटाइम कॉम्प्लेक्स को भी जोड़ेगी। सरकार का दावा है कि इस परियोजना से हर साल लाखों लीटर ईंधन की बचत होगी।

कैबिनेट ने किसानों के हित में 2026-27 सीजन के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को भी मंजूरी दी है। सरकार ने MSP को उत्पादन लागत से कम से कम 50 प्रतिशत अधिक रखने का फैसला किया है। अनुमान है कि इससे किसानों को करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये का भुगतान होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा सरकार ने कोयला गैसीकरण परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए 37,500 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि देश के विशाल कोयला भंडार का उपयोग अब गैस उत्पादन में किया जाएगा। वहीं नागपुर एयरपोर्ट को पीपीपी मॉडल के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की योजना भी मंजूर की गई है, जिससे विदर्भ क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।