भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल ने एक बार फिर अपने बल्ले से धमाल मचाया. गिल ने 177 गेंदों में शानदार शतक जड़ते हुए न सिर्फ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़ डाले. यह उनके टेस्ट करियर का 10वां शतक था, और खास बात यह रही कि ये सभी शतक उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के दौरान लगाए हैं.
इस उपलब्धि के साथ शुभमन गिल, WTC के इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा (9 शतक) को पीछे छोड़ दिया है. गिल के बाद इस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल (7), केएल राहुल और ऋषभ पंत (6-6), जबकि विराट कोहली और रवींद्र जडेजा (5-5) शामिल हैं.
गिल ने इंग्लैंड सीरीज से टेस्ट कप्तानी संभाली थी और तब से उन्होंने 7 मैचों में 5 शतक लगा दिए हैं. इस प्रदर्शन के साथ गिल ने विराट कोहली की बराबरी कर ली है, जिन्होंने बतौर कप्तान एक साल में 5 शतक लगाए थे—वो भी दो बार. शुभमन गिल की यह धमाकेदार फॉर्म भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है. वे अब न केवल कप्तान हैं, बल्कि WTC में भारत की बल्लेबाजी रीढ़ भी बनते जा रहे हैं.









