दीवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. अब कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को भी ट्रेन चलने से 60-90 मिनट पहले तक होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा. इसके बाद ही उन्हें प्लेटफॉर्म पर जाने की अनुमति मिलेगी. यह व्यवस्था पहले सिर्फ अनारक्षित यात्रियों के लिए थी, लेकिन अब आरक्षित टिकटधारकों को भी इसका पालन करना होगा.
अजमेरी गेट की ओर स्थायी होल्डिंग एरिया पहले से मौजूद है, वहीं 15 अक्टूबर तक अस्थायी होल्डिंग एरिया को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य है. यह कदम फरवरी में हुई दुर्घटना के बाद रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए उठाया गया है. प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए अब यात्रियों को टिकट जांच अधिकारी को टिकट दिखाना अनिवार्य होगा.
रेलवे प्रशासन प्लेटफॉर्म 16 से स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बना रहा है, जिससे यात्री होल्डिंग एरिया से सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकें. फुट ओवरब्रिज पर भीड़ न बढ़े, इसके लिए अतिरिक्त प्रवेश द्वार और आरपीएफ तैनाती भी सुनिश्चित की गई है. उद्घाटन की तारीख जल्द तय की जाएगी.









