Technology

WhatsApp लाएगा अपना क्लाउड स्टोरेज सिस्टम, Google Drive और iCloud पर निर्भरता होगी खत्म

WhatsApp जल्द ही अपने यूजर्स के लिए एक नया क्लाउड बैकअप सिस्टम लाने की तैयारी में है, जिससे चैट्स और मीडिया फाइलों को सेव करने के लिए अब Google Drive और Apple iCloud पर निर्भरता कम हो जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, WhatsApp एक इन-हाउस क्लाउड स्टोरेज फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसके जरिए यूजर्स अपनी चैट्स, फोटो और डॉक्यूमेंट्स सीधे WhatsApp के सर्वर पर बैकअप कर सकेंगे। इससे उन यूजर्स को राहत मिलेगी, जिनका फ्री क्लाउड स्टोरेज अक्सर खत्म हो जाता है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि Android यूजर्स को बैकअप के लिए Google Drive और WhatsApp के अपने क्लाउड स्टोरेज के बीच विकल्प चुनने की सुविधा मिल सकती है।

यह फीचर फिलहाल टेस्टिंग स्टेज में बताया जा रहा है। नई सर्विस के तहत यूजर्स को लगभग 2GB तक फ्री स्टोरेज और करीब 50GB का पेड प्लान मिलने की संभावना है, जिसकी कीमत लगभग $0.99 (करीब 94 रुपये प्रति माह) हो सकती है। हालांकि फ्री स्टोरेज सभी यूजर्स को मिलेगा या केवल प्रीमियम सब्सक्राइबर्स को, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है। फिलहाल Android यूजर्स अपने WhatsApp बैकअप के लिए पूरी तरह Google Drive पर निर्भर हैं, जहां 15GB की साझा स्टोरेज सीमा के कारण अक्सर स्पेस की समस्या देखने को मिलती है। ऐसे में WhatsApp का यह कदम यूजर्स को ज्यादा लचीलापन और स्टोरेज विकल्प देने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।