Instagram अपने प्लेटफॉर्म पर लंबे वीडियो का अनुभव बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘Features’ नाम के एक नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है, जिसके जरिए चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो अपलोड कर सकेंगे। इस पहल का मकसद यूजर्स को पॉडकास्ट, इंटरव्यू, कॉमेडी शो और अन्य लंबे वीडियो देखने के लिए एक ही प्लेटफॉर्म पर सुविधा देना है। फिलहाल यह टेस्ट अमेरिका के कुछ क्रिएटर्स के साथ किया जा रहा है। इससे पहले ब्राजील में भी इसका परीक्षण हुआ था।
नए फीचर की मदद से क्रिएटर्स अपने लंबे वीडियो के छोटे-छोटे क्लिप Reels पर शेयर कर सकेंगे। इससे यूजर्स को पसंद आने वाले कंटेंट का पूरा वीडियो Instagram पर ही देखने का विकल्प मिलेगा। कंपनी इन वीडियो को Explore सेक्शन और ऐप के अन्य हिस्सों में भी दिखाने की योजना बना रही है। शुरुआती टेस्ट में पॉडकास्ट होस्ट, फैशन और ब्यूटी क्रिएटर्स के साथ फुटबॉल कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर भी शामिल हैं।
Instagram का यह कदम YouTube को सीधी चुनौती देने की कोशिश माना जा रहा है, जहां लंबे वीडियो और पॉडकास्ट पहले से लोकप्रिय हैं। हालांकि, Instagram ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस नए फॉर्मेट में विज्ञापनों से होने वाली कमाई का बंटवारा किस तरह किया जाएगा। फिलहाल कंपनी क्रिएटर्स के लिए ब्रांड पार्टनरशिप के अवसरों पर काम कर रही है। इसके अलावा, Instagram टीवी पर वीडियो देखने के अनुभव को भी बेहतर बनाना चाहता है। कंपनी Samsung TV, Amazon Fire TV और Google TV पर अपने टीवी ऐप के जरिए दर्शकों तक पहुंच बना रही है। साथ ही Apple TV सपोर्ट पर भी काम किया जा रहा है। Instagram Series फीचर की टेस्टिंग भी कर रहा है, जिससे एक विषय से जुड़ी Reels को एपिसोड के रूप में व्यवस्थित किया जा सकेगा।


