नौकरीपेशा लोगों के लिए पीएफ से जुड़ी सेवाएं जल्द ही और आसान होने वाली हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों सदस्यों की सुविधा के लिए दो बड़े बदलाव करने जा रहा है। इसके तहत अब खाताधारक WhatsApp के जरिए पीएफ से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। वहीं, लंबे समय से बंद पड़े ऐसे पीएफ खातों में जिनमें 1,000 रुपये तक की राशि जमा है, उनका ऑटोमैटिक सेटलमेंट किया जाएगा।
रविवार, 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में EPFO का 74वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया इन दोनों सुविधाओं की शुरुआत करेंगे। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की जानकारी के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य पीएफ सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और सुविधाजनक बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत उन सदस्यों को खास राहत मिलेगी, जिनके पुराने पीएफ खाते लंबे समय से निष्क्रिय हैं और उनमें छोटी रकम जमा है। अब 1,000 रुपये तक के पात्र खातों का निपटारा अपने आप किया जाएगा। इससे सदस्यों को छोटी रकम निकालने के लिए लंबी प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई से नहीं गुजरना पड़ेगा। हालांकि, इसकी पात्रता और शुरुआत की तारीख को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इसके अलावा WhatsApp सेवा शुरू होने से पीएफ सदस्यों को जानकारी और सुविधाओं तक पहुंचने का एक नया माध्यम मिलेगा। हालांकि, इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होने वाली सेवाओं और उनके इस्तेमाल की प्रक्रिया का पूरा ब्योरा जारी होना बाकी है। स्थापना दिवस के मौके पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रीय और जोनल कार्यालयों के साथ अधिकारियों व कर्मचारियों को भविष्य निधि अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित भी किया जाएगा।


