देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते 22 जुलाई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 14 राज्यों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन और खेती दोनों प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण इस बदलाव की प्रमुख वजह है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है और कई राज्यों में लगातार बारिश की स्थिति बन रही है। पहाड़ी इलाकों में भारी वर्षा के चलते भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है, इसलिए यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
अलर्ट वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात शामिल हैं। दिल्ली-एनसीआर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, आगरा, प्रयागराज, गोरखपुर और मिर्जापुर सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अनुमान है। वहीं बिहार के पटना, गया, भागलपुर, रोहतास और बेगूसराय में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों से पकी फसलों और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।


